कोरोना अपडेट: एक दिन में पूरे देश के कुल मौतों का 42 प्रतिशत अकेले महाराष्ट्र में, सक्रिय मामले 10 लाख पार
सुमन कुमार
देश में कोरोना के सक्रिय मरीजों की संख्या पहली बार 10 लाख को पार कर गई है। साथ ही ठीक होने वाले मरीजों का आंकड़ा भी 40 लाख के पार चला गया है। यही नहीं देश में 24 घंटे में नए मरीजों की संख्या 98 हजार के करीब रही है। 24 घंटे में मरने वालों का आंकड़ा 11 सौ से ऊपर है। मरने वालों में सबसे अधिक 474 जहां अकेले महाराष्ट्र से हैं वहीं कर्नाटक, तमिलनाडु जैसे राज्यों में मृतकों की संख्या में उल्लेखनीय गिरावट दर्ज की गई है। दूसरी ओर पंजाब और उत्तर प्रदेश जैसे राज्यों में मृतकों की संख्या बढती जा रह है।
देश में क्या है मरीजों की स्थिति
स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्रालय के आंकड़ों के अनुसार बुधवार की देर रात तक भारत में कोरोना वायरस के कुल एक्टिव पीड़ितों की संख्या 10,09,976 पहुंच गई है। दूसरी ओर ठीक हो चुके मरीजों का आंकड़ा 40 लाख के पार है। देश में 40,25,079 लोग कोरोना को मात देने में कामयाब हुए हैं। जहां तक देश में कुल कोरोना संक्रमित हुए लोगों का सवाल है तो देश में 51,18,260 कुल संक्रमित अब तक सामने आए हैं। ताजा आंकड़ों के मुताबिक इस संक्रमण से पूरे देश में 83,198 लोगों की मौत हो चुकी है यानी कुल मरीजों में 1.63 प्रतिशत को बचाया नहीं जा सका है। देश में कोरोना को मात देने वालों का आंकड़ा 78.64 प्रतिशत पहुंच गया है जबकि एक्टिव मरीजों की संख्या 20 प्रतिशत के करीब (19.73) है। पिछले 24 घंटे में 82961 लोगों ने कोरोना को हराने में कामयाबी पायी है।
वैसे देश में कोरोना के नए मरीजों का आंकड़ा बुधवार को 98 हजार के करीब पहुंच गया है जो कि एक दिन पहले 90 हजार के करीब था। 24 घंटे में कोरोना मृतकों की संख्या 11 सौ से ऊपर बनी हुई है। पूरे देश में बुधवार को 97894 नए कोरोना मरीज सामने आए हैं। नए मरीजों की संख्या के मामले में महाराष्ट्र में डरावनी तस्वीर बनी हुई है। राज्य में एक दिन में 23365 नए मरीज सामने आए हैं जो कि पूरे देश के नए मामलों का करीब 24 प्रतिशत है। यही नहीं, राज्य में एक दिन में 474 लोगों की कोरोना से मौत हो गई है जो कि देश में एक दिन में कोरोना से होने वाली कुल मौतों का करीब 42 प्रतिशत है। पूरे देश में एक दिन में 1132 लोगों की कोरोना से मौत हुई है।
बात अगर देश की राजधानी दिल्ली की करें तो यहां पिछले 24 घंटे में नए मरीजों की संख्या 4473 रही है। कुल नए मरीजों का करीब 75 प्रतिशत हिस्सा देश के सिर्फ 10 राज्यों में सिमटा है जबकि करीब 95 प्रतिशत हिस्सा देश के 20 राज्यों में सिमटा है। कर्नाटक में 9725, आंध्र प्रदेश में 8835, यूपी में 6229, तमिलनाडु में 5652, ओडिशा में 4270, केरल में 3830, छत्तीसगढ़ में 3450, बंगाल में 3237, पंजाब में 2702, हरियाणा में 2694, मध्य प्रदेश में 2462, असम में 2394, तेलंगाना में 2159, राजस्थान में 1782, झारखंड में 1635, बिहार में 1592, जम्मू एवं कश्मीर में 1590 और गुजरात में 1364 नए मरीज सामने आए हैं।
देश में कितने टेस्ट
देश में कोरोना के टेस्ट की संख्या बुधवार को भी 11 लाख के पार रही। गुरुवार को भारतीय आयुर्विज्ञान अनुसंधान परिषद (आईसीएमआर) द्वारा दी गई जानकारी के अनुसार देश में 24 घंटे में 11 लाख 36 हजार 613 टेस्ट हुए हैं जबकि देश में कुल टेस्ट की संख्या छह करोड़ 5 लाख 65 हजार 728 पहुंच गयी है।
दुनिया के मुकाबले क्यों बेहतर स्थिति में है भारत?
गुरुवार की रात तक पूरी दुनिया में कोरोना के तीन करोड़ 2 लाख 46 हजार 777 मरीज हो गए हैं। पूरी दुनिया में दो करोड़ 19 लाख 51 हजार 244 मरीज ठीक हो चुके हैं और 9 लाख 48 हजार 442 लोग कोरोना के कारण मौत के आगोश में जा चुके हैं। अगर हम पूरी दुनिया के कुल मरीजों में ठीक होने वाले मरीजों की संख्या देखें तो ये 72.57 प्रतिशत है। भारत में ये आंकड़ा करीब 79 प्रतिशत है। इसी प्रकार कुल मरीजों में से मृतकों का आंकड़ा 3.13 प्रतिशत है और भारत में ये औसत 1.63 प्रतिशत है। यानी इस मामले में भी भारत की स्थिति पूरी दुनिया से बहुत बेहतर है।
पढ़ें- कोरोना वायरस की हर जानकारी और मदद के लिए यहां देखें राज्यवार हेल्पलाइन नंबर
किस राज्य में कितनी मौतें
स्वास्थ्य मंत्रालय की वेबसाइट पर गुरुवार को अपडेट किए गए डाटा के अनुसार देश में पिछले 24 घंटे में कोरोना से 1132 मौतें हुई हैं। कुल मौतों में से 42 प्रतिशत अकेले महाराष्ट्र में जबकि करीब 72 प्रतिशत मौतें सिर्फ 6 राज्यों में हुई हैं। महाराष्ट्र में 474, यूपी में 86, पंजाब में 78, आंध्र प्रदेश में 64, बंगाल में 61 और तमिलनाडु में 57 मौतें हुई हैं। शेष करीब 28 प्रतिशत मौतें देश के 23 राज्यों में हुई हैं। इनमें से कर्नाटक में 55, दिल्ली में 33, मध्य प्रदेश में 24, छत्तीसगढ़ में 22, असम में 19, हरियाणा में 19, जम्मू कश्मीर में 18, राजस्थान में 15, केरल में 14, पुडुचेरी में 13, बिहार में 12, गुजरात में 12, ओडिशा में 11, तेलंगाना में 9, उत्तराखंड में 9, झारखंड में 8, चंडीगढ़ में 5, त्रिपुरा में 5, गोवा में 4, लद्दाख में 2, हिमाचल प्रदेश में 1, मेघालय में 1 और मणिपुर में 1 मौत हुई है।
इसे भी पढ़ें-
Comments (0)
Facebook Comments (0)